फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: ददाहू बाजार में स्कूल टाइम पर नहीं होगी वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग

ऐतिहासिक रेणुका जी तीर्थ के प्रवेश द्वार ददाहू में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने सख्ती की तैयारी कर ली है। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बाजार में वाहनों से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था सुबह 8:00 से 9:30 बजे और दोपहर 2:30 से 4:00 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि में छोटे-बड़े किसी भी वाहन से बाजार में सामान उतारने या चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस का मानना है कि स्कूल के समय बाजार में वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे में नई व्यवस्था से विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को ददाहू में रोड सेफ्टी क्लब की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएसपी संगड़ाह मंगत राम ठाकुर ने कहा कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस पहले दो दिन व्यापारियों को नई व्यवस्था के बारे में जागरूक करेगी। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने मोटर मैकेनिकों को निर्देश दिए कि खराब वाहनों को सड़क पर खड़ा करने के बजाय पर्याप्त दूरी बनाकर निर्धारित स्थान पर रखा जाए। सड़क किनारे खराब वाहन खड़े रहने से यातायात बाधित होता है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा निजी और सरकारी बसों को भी सड़क पर खड़ा करने के बजाय बस अड्डा परिसर में ही पार्क करने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को सड़क किनारे अनावश्यक अतिक्रमण से बचने की नसीहत दी गई, ताकि बाजार में वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रभाव और युवाओं की मौत पर भी चिंता जताई गई। डीएसपी मंगत राम ठाकुर ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस और समुदाय को मिलकर प्रभावी कदम उठाने होंगे। उन्होंने लोगों से नशे का कारोबार करने वालों या नशे की गिरफ्त में आए लोगों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के सहयोग से ही नशे के बढ़ते प्रभाव पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। बैठक में एसएचओ प्रियंका चौहान, एएसआई मोहिंद्र कुमार, एचएससी वीरेंद्र कुमार, पंचायत प्रधान पंकज गर्ग, उपप्रधान करण जस्सल, पूर्व प्रधान रविंद्र गुप्ता, व्यापार मंडल प्रधान राजन गोयल समेत रोड सेफ्टी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और व्यापारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें