राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में रसायन विज्ञान विभाग के केमिकोस क्लब की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और व्यक्तित्व विकास पर दो दिवसीय करियर गाइडेंस कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में करीब 64 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान क्विज, ग्रुप डिस्कशन और मॉक इंटरव्यू जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और संवाद कौशल को निखारने का प्रयास किया गया। कार्यशाला के पहले दिन रसायन विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं केमिकोस क्लब की समन्वयक डॉ. सलोनी सूद ने अतिथियों और रिसोर्स पर्सन्स का स्वागत किया। निंबस एकेडमी के विशेषज्ञ राजीव कुमार और दिनेश वर्मा ने विद्यार्थियों को करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद हिमाचल प्रदेश और केंद्रीय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के कई अवसर उपलब्ध हैं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सामान्य ज्ञान संबंधी समझ का प्रदर्शन किया। कार्यशाला के दूसरे दिन निंबस एकेडमी के सामान्य अध्ययन के वरिष्ठ फैकल्टी अरकाज शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र और तीन बार यूपीएससी मेन्स क्वालीफाई कर चुके अरकाज शर्मा ने हिमाचल प्रदेश सामान्य ज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य और केंद्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही रणनीति बनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने समय रहते तैयारी शुरू करने और नियमित अध्ययन को सफलता के लिए जरूरी बताया। कार्यशाला के व्यावहारिक सत्र में दिनेश वर्मा ने ग्रुप डिस्कशन करवाया। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अभ्यास किया। ग्रुप डिस्कशन के माध्यम से विद्यार्थियों को टीम के साथ चर्चा करने, अपनी बात स्पष्ट रखने और दूसरे प्रतिभागियों के विचारों को समझने का अवसर मिला। इसके अलावा मॉक इंटरव्यू के माध्यम से विद्यार्थियों को साक्षात्कार की बारीकियां समझाई गईं। विद्यार्थियों ने इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने, सवालों का जवाब देने और आवश्यक इंटरव्यू स्किल्स विकसित करने का अभ्यास किया। समापन सत्र में विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। रसायन विज्ञान विभाग की ट्विंकल ने महाविद्यालय के प्राचार्य और सभी रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. देव राज शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस तरह के करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए रसायन विज्ञान विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।