प्राचीन भूतेश्वर महादेव शिवालय में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा और सार्वजनिक रुद्राभिषेक का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने सिर पर कलश उठाकर भव्य शोभायात्रा निकाली। धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर समिति और शिव भक्त परिवार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन का शुभारंभ सुबह आठ बजे ग्रंथ पूजन से हुआ। इसके बाद सुबह नौ बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा रामपुर के पुराने बस अड्डे से होते हुए मुख्य बाजार से मंदिर परिसर तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। कथा का वाचन भागवताचार्य भगवत राम आचार्य कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह आठ बजे पूजन होगा। दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। रात आठ बजे से दस बजे तक भजन-कीर्तन होंगे। धार्मिक अनुष्ठान का समापन चार सितंबर को दोपहर साढ़े बारह बजे पूर्णाहुति के साथ होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और आसपास के श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में धार्मिक अनुष्ठान में आने का आह्वान किया है।