चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई के मामलों में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए एक दोषी को चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश किन्नौर स्थित रामपुर की अदालत ने चिट्टा रखने के मामले में विवेक चौहान को दोषी करार देते हुए यह फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी पर 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामला वर्ष 2022 में 11.60 ग्राम हेरोइन बरामद होने से जुड़ा है। जिला उप न्यायवादी कमल चंदेल ने बताया कि मामला 26 सितंबर 2022 का है। उस दिन पुलिस थाना भावानगर के अंतर्गत एसआईयू किन्नौर की टीम गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान टीम ने एक ऑल्टो कार (एचपी 27ए-2081) को जांच के लिए रोका। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने पूछताछ की। वाहन में मादक पदार्थ होने के संदेह पर स्वतंत्र गवाह के रूप में एक प्रधान को मौके पर बुलाया गया। गवाह की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड के अंदर से एक प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें 11.60 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) पाया गया। इसके बाद पुलिस थाना भावानगर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया। कमल चंदेल ने बताया कि मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में कुल 26 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद विशेष न्यायाधीश ने 13 नवंबर 2026 को विवेक चौहान पुत्र दुर्गा सिंह, निवासी गांव धरुंग, डाकघर जडेर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर को दोषी करार दिया। अदालत ने उसे चार साल के कठोर कारावास और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। मामले की सुनवाई के दौरान दूसरे आरोपी की मृत्यु हो गई थी। सरकार की ओर से जिला न्यायवादी एलएम शर्मा और उपन्यायवादी कमल चंदेल ने पैरवी की।