राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में सोमवार को जिला स्तरीय अंडर-14 बालकों की प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। तीन दिन तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में शिमला जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 221 छात्र खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में लूहरी परियोजना के महाप्रबंधक अरविंद गुप्ता बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का आगाज किया। दत्तनगर पंचायत प्रधान वीना नेगी सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रधानाचार्य राजेश परमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। वहीं मुख्यातिथि अरविंद गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। मैदान में अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ प्रदर्शन करना चाहिए। उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट कदमताल और तालमेल का प्रदर्शन करते हुए मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर मार्च पास्ट ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्यातिथि ने टीम के कप्तान को ट्रॉफी प्रदान की। समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने पहाड़ी नाटी और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। तीन दिनों तक चलने वाले इन मुकाबलों में जिलेभर से आए 221 खिलाड़ी पदक और जीत के लिए जोर आजमाइश करेंगे। प्रतियोगिता का समापन समारोह 30 सितंबर को होगा।