हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और रामपुर क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। किन्नौर की ऊंची पहाड़ियों पर शुक्रवार को हल्का हिमपात हुआ। वहीं, निचले क्षेत्रों में सुबह से बारिश का सिलसिला रुक-रुककर जारी रहा। दोपहर करीब तीन बजे तक कई इलाकों में हल्की बारिश होती रही। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को ठंड का अधिक एहसास हुआ। रामपुर बुशहर में भी शुक्रवार सुबह से आसमान बादलों से ढका रहा। दोपहर के समय हल्की बारिश हुई, जिसके बाद कुछ देर के लिए धूप निकली। हालांकि, दोपहर बाद एक बार फिर आसमान में बादल छा गए और मौसम ठंडा हो गया। तापमान में गिरावट के चलते लोग दिन के समय भी गर्म कपड़ों में नजर आए। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण रामपुर और किन्नौर में सर्दी का प्रभाव बढ़ गया है।