हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रामपुर को जिला बनाने की मांग उठने लगी है। एचपीएमसी के निदेशक एवं सराहन वार्ड के पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेश धीमान ने प्रेसवार्ता में रामपुर को जिला बनाने की पैरवी करते हुए कहा कि भौगोलिक स्थिति और क्षेत्रीय जरूरतों के लिहाज से रामपुर जिला बनने के लिए उपयुक्त है। इससे रामपुर सहित आउटर सिराज के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। भूपेश धीमान ने कहा कि रामपुर शिमला, कुल्लू, मंडी और किन्नौर जिलों के बीच स्थित है। जिला मुख्यालय दूर होने के कारण लोगों को सरकारी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। रामपुर को जिला बनाने से प्रशासनिक सुविधाएं लोगों के नजदीक उपलब्ध होंगी और समय व धन की बचत होगी। उन्होंने आउटर सिराज की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि सर्दियों के दौरान क्षेत्र के कई इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क करीब चार महीने तक प्रभावित रहता है। इससे लोगों को सरकारी कार्यों और अन्य प्रशासनिक जरूरतों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रामपुर जिला बनने से दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को सुविधाएं नजदीक मिलेंगी और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।