कांग्रेस नेता एवं सरकाघाट से पूर्व प्रत्याशी रहे पवन ठाकुर ने सरकाघाट से भाजपा विधायक दलीप ठाकुर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे सरकाघाट के किसानों के लिए एक खुरली तक नहीं लगा पाए। सोमवार को बलद्वाड़ा में अंडर-19 स्कूली बच्चों की जिला स्तरीय कल्चरल इवेंट्स का विधिवत शुभारंभ करने के बाद पवन ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार के समय में जब दलीप ठाकुर एपीएमसी के चेयरमैन थे तो उन्होंने अपने क्षेत्र के किसानों के लिए कुछ नहीं किया। जागरूकता शिविर या अन्य विकास तो दूर की बात, वे अपने क्षेत्र के किसानों के लिए एक खुरली तक नहीं लगा पाए। हालांकि, आज वे क्षेत्र के विधायक हैं लेकिन यहां पर जो भी विकास हो रहा है वह सुक्खू सरकार के माध्यम से ही हो रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने आए प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं भी दीं। स्कूल के प्रवक्ता देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस अंडर-19 प्रतियोगिता में जिला भर से आए बॉयज एंड गर्ल्स भाग ले रहे हैं।