पंडोह (मंडी)। रामनवमी पर पंडोह के समीप स्थित प्रसिद्ध माता बगलामुखी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। दिनभर माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन करने पहुंचे। कई श्रद्धालु रोपवे के माध्यम से मंदिर पहुंचे। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और सुख-शांति की प्रार्थना की। दोपहर 12:00 बजे धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर कमेटी के प्रधान टेक चंद ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी आवाजाही रही। रामनवमी पर भी भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।