फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: नेरचौक में बैंक कर्मियों का प्रदर्शन, पांच दिन बैंकिंग की मांग को लेकर हड़ताल

पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर आयोजित इस एक दिवसीय हड़ताल में मंडी-कुल्लू क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के करीब 10 हजार अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। नेरचौक में बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने कहा कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार हो सकता है। एआईबीईए के सर्कल सचिव मंडी विजय कुमार ने कहा कि हड़ताल किसी के विरोध में नहीं, बल्कि बैंक कर्मचारियों के सम्मानजनक कार्य-जीवन संतुलन, बेहतर स्वास्थ्य और कार्यक्षमता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों पर लगातार कार्यदबाव बढ़ रहा है। कर्मचारियों की कमी, डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते दबाव और मानसिक तनाव का असर उनके स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों की उत्पादकता बढ़ेगी और मानसिक एवं शारीरिक तनाव कम होगा। इससे बैंक कर्मचारियों को अपने परिवार के साथ समय बिताने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य-जीवन संतुलन से बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार हो सकता है। बैंक यूनियनों ने सरकार की एकतरफा और भेदभावपूर्ण प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को वापस लेने की भी मांग की। यूनियनों का कहना है कि पीएलआई योजना में किसी भी तरह का बदलाव द्विपक्षीय बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लेते समय उनकी समस्याओं और मांगों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। प्रदर्शन में एआईबीईए के विजय कुमार, लेख राज, हुकम चंद, विवेक चौधरी और काका राम सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। एसबीआईएसए से विक्रम सिंह, टेक सिंह चौधरी और संतोष कुमार तथा एसबीआईओए से मनोज कुमार, नरेश ठाकुर, विनय ठाकुर और लाल सिंह ठाकुर ने भी हड़ताल और प्रदर्शन में भाग लिया। बैंक कर्मियों ने कहा कि पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और कर्मचारियों से संबंधित अन्य मांगों को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें