फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर मंडी के एसटीपी प्लांट में काम ठप, मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

दो महीने से वेतन का इंतजार कर रहे एसटीपी प्लांट के मजदूरों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर सोमवार को एसटीपी प्लांट वर्कर यूनियन संबंधित सीटू की रघुनाथ पधर मंडी इकाई ने काम पूरी तरह बंद कर दिया। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन और जल शक्ति विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। यूनियन ने साफ किया है कि जब तक कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता और अन्य मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक प्लांट में काम शुरू नहीं किया जाएगा। मजदूरों का कहना है कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं। यूनियन के अनुसार, कर्मचारियों को पिछले दो महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इस समस्या को लेकर कंपनी प्रबंधन और जल शक्ति विभाग मंडी को कई बार ज्ञापन सौंपकर अवगत करवाया गया, लेकिन इसके बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। मजदूरों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर भी उन्हें वेतन और बोनस नहीं मिला। कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान आर्थिक जरूरतें अधिक होती हैं, लेकिन भुगतान नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। वेतन के अलावा यूनियन ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पदाधिकारियों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से मजदूरों के वेतन से ईपीएफ की कटौती नहीं की जा रही है। यूनियन ने मांग की है कि कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन पर्चियां उपलब्ध करवाई जाएं और वेतन भुगतान का पूरा रिकॉर्ड दिया जाए, ताकि उन्हें अपनी सैलरी और ईपीएफ से संबंधित जानकारी मिल सके। मजदूरों ने कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया है। यूनियन के अनुसार, प्लांट में महिला कर्मचारियों के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें भी काम नहीं कर रही हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि कार्यस्थल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि सभी मजदूर सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में काम कर सकें। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूर पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कंपनी प्रबंधन और संबंधित विभाग नाकाम रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं से समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान सीटू के जिला महासचिव राजेश शर्मा, सुरेश सरवाल, एसटीपी वर्कर यूनियन के प्रधान भुवनेश्वर कुमार, सचिव हरबंस सहित अन्य मजदूर मौजूद रहे। सभी ने लंबित वेतन जारी करने और कार्यस्थल की समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें