फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ख्योड़ नलवाड़ मेले का समापन: उपमुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग को 1 करोड़ और बासा पंचायत को 10 लाख देने की घोषणा

जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले का वीरवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बासा विश्राम गृह से मेले के स्थल तक पारंपरिक अंदाज में बैंड-बाजे के साथ अंतिम जलेब निकाली गई। रंग-बिरंगी पगड़ियों में सजे उपमुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोग इस जलेब में शामिल होकर मेला स्थल तक पहुंचे। ख्योड़ नलवाड़ मेला नाचन क्षेत्र की पुरानी सांस्कृतिक और ग्रामीण परंपराओं से जुड़ा आयोजन है। इस वर्ष मेले का आगाज भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल शक्ति विभाग को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से पाइपें और नल लगाने, पानी के टैंक बनाने तथा फिल्टर बेड तैयार करने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने बासा पंचायत के लिए 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को एम्स के लिए बस सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही गोहर और चैलचौक में बस अड्डे के निर्माण की बात भी कही। क्लस्टर विश्वविद्यालय में कक्षाएं शुरू करवाने को लेकर भी उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत करने का आश्वासन दिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मेले हिमाचल की सांस्कृतिक धरोहर हैं और इनके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। ख्योड़ नलवाड़ मेले की परंपरा भी क्षेत्र की सामाजिक और ग्रामीण संस्कृति से गहराई से जुड़ी रही है। मेले के शुभारंभ के दौरान भी पारंपरिक बैल पूजन और खूंटी गाड़ने की रस्म हुई थी। ऐतिहासिक रूप से यह मेला बैलों की खरीद-फरोख्त के लिए भी जाना जाता रहा है, हालांकि आधुनिक कृषि उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के साथ इसका स्वरूप बदलकर सांस्कृतिक और व्यापारिक आयोजन के रूप में विकसित हुआ है। समापन अवसर पर अनुसूचित जाति निगम के चेयरमैन लाल सिंह कौशल और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर सहित कई स्थानीय नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें