फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: डयोड और हणोगी सुरंगें खुलीं, मंडी-कुल्लू सफर में जाम से मिलेगी राहत

मंडी से कुल्लू-मनाली का सफर करने वाले लोगों और पर्यटकों को लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन के पंडोह-टकोली बाइपास सेक्शन पर डयोड और हणोगी में तैयार की गई दोनों सुरंगें शुक्रवार को यातायात के लिए खोल दी गईं। सुरंगों के शुरू होने से इस मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। डयोड में 2.8 किलोमीटर और हणोगी में 650 मीटर लंबी सुरंग बनाई गई है। दोनों सुरंगों के शुरू होने से जोगनी माता मंदिर, डयोड और हणोगी के आसपास लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। पर्यटन सीजन में इन स्थानों पर वाहनों की भारी आवाजाही के कारण कई बार एक से दो घंटे तक जाम लग जाता था। ऐसे में सुरंगों के खुलने से यातायात की रफ्तार बढ़ने और सफर सुगम होने की संभावना है। सुरंगों के शुरू होने के बाद करीब छह किलोमीटर का प्रभावित सड़क हिस्सा घटकर लगभग 3.5 किलोमीटर रह जाएगा। इससे वाहन चालकों को बार-बार जाम में फंसने की समस्या से राहत मिल सकती है। खासकर पर्यटन सीजन में कुल्लू-मनाली जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने पर इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सुरंगों को यातायात के लिए खोले जाने की जानकारी साझा की। पंडोह बाईपास के अंत से टकोली तक 18.908 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट पर 4,465.94 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत बनाई जा रही है। फोरलेन और सुरंगों के पूरी तरह उपयोग में आने के बाद सामान्य यातायात की स्थिति में मंडी से कुल्लू का सफर करीब दो घंटे से घटकर एक घंटे रह सकता है। इससे स्थानीय लोगों के साथ कुल्लू-मनाली जाने वाले पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें