विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में दूसरे चरण की निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में धर्मपुर क्षेत्र के करीब 40 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने किया। इस अवसर पर तहसीलदार धर्मपुर प्रवीण कुमार शर्मा और राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के प्राचार्य विवेकानंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व और एक जागरूक नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, तर्कशक्ति और लेखन कौशल का प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में टॉप-10 विद्यार्थियों में राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर की पलक, केंद्रीय विद्यालय धर्मपुर के आराधे, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कमलाह की रितिका और राजकीय उच्च पाठशाला न्यायालय की हेजल ने जगह बनाई। इनके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर की ऐंजल जम्वाल, राजकीय आईटीआई पपलोग की निशा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रखोह की श्रेया शर्मा, राजकीय उच्च पाठशाला गयूण के आयुष कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी की शानवी ठाकुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ब्रांग की प्रियंका भी चयनित हुईं। निबंध प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हयुण पैहड़ की स्वरक्षा ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी की अवनी ठाकुर और पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर के अभय सिंह का चयन हुआ। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ब्रांग के राहुल राही, राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर की सुजाता ठाकुर, डीएवी ग्रयोह की अंशिका शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हयुण पैहड़ की हेमलता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रखोह के लक्ष्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी के विजय भारती शर्मा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रखोह के आरव ने भी अगले चरण के लिए जगह बनाई। दोनों प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों को अब प्रतियोगिता के तृतीय चरण में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संबंधित शिक्षण संस्थानों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व और चुनावी जागरूकता को समझने का अवसर भी मिला।