फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: डडौर और नागचला में फ्लाईओवर का रास्ता साफ, 27 करोड़ का टेंडर जारी; डेढ़ साल में पूरा होगा काम

लंबे समय से सुरक्षित यातायात व्यवस्था की मांग कर रहे लोगों के लिए डडौर और नागचला से राहत की खबर है। मंडी जिले में फोरलेन के दो अहम ब्लैक स्पॉट पर फ्लाईओवर कम अंडरपास बनाने का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दोनों स्थानों पर निर्माण के लिए करीब 27 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। दोनों स्थानों पर निर्माण का जिम्मा एक ही निजी कंपनी को दिया जाएगा। टेंडर की शर्तों के अनुसार कंपनी को टेंडर जारी होने के तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करना होगा। इसके बाद करीब डेढ़ साल में दोनों परियोजनाओं का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डडौर में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के कारण यहां सुरक्षित यातायात व्यवस्था की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। मंडी जिले में डडौर के अलावा नागचला और झीड़ी भी फोरलेन के ऐसे स्थान रहे हैं, जहां दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोग लंबे समय से सुरक्षा उपायों की मांग करते रहे हैं। इसके बाद एनएचएआई की ओर से इन स्थानों पर फ्लाईओवर कम अंडरपास बनाने की योजना तैयार की गई। अब डडौर और नागचला के लिए टेंडर जारी होने से निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। डडौर में दोनों लेन ऊपर, नीचे से गुजरेगा ट्रैफिक एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी के अनुसार डडौर में फोरलेन की दोनों लेन को फ्लाईओवर के माध्यम से ऊपर उठाया जाएगा। इसके नीचे वाहनों की आवाजाही के लिए अंडरपास का प्रावधान रहेगा। इस व्यवस्था से फोरलेन के मुख्य यातायात और स्थानीय स्तर पर होने वाली आवाजाही को अलग-अलग किया जा सकेगा। डडौर में हादसों के लिहाज से संवेदनशील हिस्से में इस निर्माण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नागचला में एक लेन पर बनेगा फ्लाईओवर नागचला में प्रस्तावित व्यवस्था डडौर से अलग होगी। यहां मंडी से बिलासपुर की ओर जाने वाली लेन पर फ्लाईओवर कम अंडरपास बनाया जाएगा। दूसरी लेन को फिलहाल यथास्थिति में रखा जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य भी संवेदनशील हिस्से में यातायात को अधिक व्यवस्थित करना और स्थानीय आवाजाही के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध करवाना है। झीड़ी में भी दोबारा शुरू होगा निर्माण मंडी जिले के झीड़ी में भी फ्लाईओवर कम अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है। यहां करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जा रहा है। झीड़ी में मंडी से कुल्लू की ओर जाने वाली लेन पर फ्लाईओवर कम अंडरपास बनाया जाना है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया था। अब कोर्ट के आदेशों के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि झीड़ी में काम दोबारा शुरू किया जा रहा है। विभाग की कोशिश है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए। डडौर और नागचला में टेंडर जारी होने तथा झीड़ी में निर्माण दोबारा शुरू होने से मंडी जिले के फोरलेन के इन संवेदनशील हिस्सों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ा है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों और फोरलेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों को सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें