सैंज (कुल्लू)। एनएचपीसी टनल रिसाव मामले में नौ दिन बाद समाधान की राह खुली है। सोमवार को एसडीएम बंजार की अध्यक्षता में प्रशासन, परियोजना प्रबंधन और प्रभावित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में 16 सूत्रीय मांगपत्र पर करीब 99 प्रतिशत सहमति बनी। परियोजना प्रबंधन प्रभावितों के घर, जमीन और फसल के मुआवजे के साथ किसानों, बागवानों, टैक्सी और होमस्टे संचालकों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी तैयार हुआ। किसानों-बागवानों की परेशानी को देखते हुए सड़क बहाली पर सहमति बनी है, लेकिन परियोजना का रिस्टोर कार्य लिखित समझौते की प्रति मिलने के बाद ही शुरू होगा।