विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य खंड नग्गर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेखली में खंड स्तरीय स्वास्थ्य जांच एवं गैर-संचारी रोग (एनसीडी) शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 50 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान मधुमेह और उच्च रक्तचाप (बीपी) के कोई नए मरीज सामने नहीं आए। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कर्ण के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में लोगों के रक्त शर्करा और रक्तचाप की जांच की गई। इसके साथ ही पहले से मधुमेह और बीपी से पीड़ित मरीजों का फॉलोअप किया गया और उनके स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य शिक्षिका ममता चौहान ने जागरूकता सत्र के माध्यम से लोगों को मधुमेह के कारणों, बचाव, समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधियां और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर मधुमेह जैसी बीमारी के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करवाने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर जांच करवाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस तरह के शिविरों से लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति जानने और बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद मिलती है। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी वीना, फार्मेसी अधिकारी भेखली शालू और आशा कार्यकर्ता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।