आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए तीर्थन घाटी में पर्यटन कारोबार को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए शाईरोपा सभागार में समन्वय बैठक हुई। तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन की ओर से आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान वरुण भारती ने की, जबकि उप पुलिस अधीक्षक बंजार राज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में होटल व होमस्टे संचालकों, पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। एसडीपीओ राज कुमार ने सिंथेटिक नशे की रोकथाम, ध्वनि प्रदूषण, किरायेदार सत्यापन, सीफॉर्म, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल न किया जाए। पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवाने, नदी किनारे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और होटल, होमस्टे में सीसीटीवी लगाने के लिए भी कहा गया। एसडीपीओ ने नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि या संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति अथवा ड्रग्स से संबंधित सूचना के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन के लिए पुलिस तथा स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताया।