आनी। आनी क्षेत्र के दुर्गम और ग्रामीण इलाकों तक डाक पहुंचाने की व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में डाक विभाग ने कदम बढ़ाया है। शनिवार को आनी से दुर्गम क्षेत्र के शाखा डाकघर खुन्न के लिए ड्रोन के माध्यम से पहली बार डाक भेजी गई। ड्रोन का यह पहला परीक्षण सफल रहा। अब सोमवार से खुन्न शाखा डाकघर के लिए नियमित रूप से ड्रोन के माध्यम से डाक भेजने की तैयारी है। ड्रोन संचालन से जुड़े कार्य में लगी सोनाली ने बताया कि शनिवार को आनी से खुन्न के लिए डाक लेकर ड्रोन उड़ाया गया, जिसका परीक्षण सफल रहा। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान ड्रोन के माध्यम से डाक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को परखा गया। सफल परीक्षण के बाद अब इसे नियमित सेवा के रूप में शुरू करने की तैयारी की जा रही है। खुन्न के बाद अब आनी उप डाकघर के अंतर्गत आने वाले कमांद और खनाग शाखा डाकघरों के लिए भी ड्रोन का परीक्षण किया जाएगा। यदि इन परीक्षणों के परिणाम भी सफल रहते हैं तो आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य दुर्गम शाखा डाकघरों तक भी ड्रोन के माध्यम से डाक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की जा सकती है। रामपुर डाक मंडल के सुपरिटेंडेंट दिनेश मेहता ने बताया कि ड्रोन कंपनी की ओर से खुन्न के लिए किया गया पहला ट्रायल सफल रहा है। आने वाले समय में अन्य शाखा डाकघरों के लिए भी ड्रोन के माध्यम से डाक भेजने की संभावना है।