गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जलशक्ति विभाग उपमंडल राजा का तालाब के सेक्शन रैहन की टीम ने ऐतिहासिक राजा का तालाब में विशेष सफाई अभियान चलाया। कनिष्ठ अभियंता पंकज कौशल की अगुआई में विभागीय टीम ने तालाब के किनारों पर उगी एलिगेटर वीड को हटाकर परिसर की सुंदरता बढ़ाने का प्रयास किया। अभियान में 30 से अधिक कर्मचारियों ने श्रमदान किया। कर्मचारियों ने तालाब के किनारों पर उगी वनस्पति को हटाया और निकाले गए मटेरियल को ट्रैक्टर के माध्यम से वीरान क्षेत्र में पहुंचाया। सफाई अभियान सुबह करीब 11 बजे शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चला। विभागीय टीम ने श्रमदान के माध्यम से ऐतिहासिक तालाब के संरक्षण की दिशा में अपना योगदान दिया। पिछले करीब दो वर्षों से राजा का तालाब को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच विभाग की इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सफाई अभियान के दौरान कर्मचारियों ने तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश भी दिया। इससे पहले बुधवार को योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक भवानी सिंह पठानिया ने सरकार के सहयोग से राजा का तालाब में दो पैडल बोट की सुविधा उपलब्ध करवाई थी। इससे लोगों को तालाब को नजदीक से देखने और यहां समय बिताने का नया अवसर मिला है। कनिष्ठ अभियंता पंकज कौशल ने बताया कि राजा का तालाब की ऐतिहासिक धरोहर को संजोने के लिए महीने में एक बार इस तरह का सफाई अभियान लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के समाजसेवी और बुद्धिजीवी वर्ग से भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक तालाब को बेहतर स्वरूप देना और इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। सफाई अभियान में जगमोहन सिंह, रवि कुमार, बोध राज, आदित्य डडवाल, विजय, संगम, अभिषेक शर्मा, रजनीश कुमार, केवल सिंह, राजकुमार, विजय कुमार, अनमोल पठानिया, गुरप्रीत सिंह, जीत सिंह, भूपिंदर सिंह, त्रिलोक चंद, सतीश कुमार, रवींद्र सिंह और जग्गू राम सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। अभियान के माध्यम से विभागीय कर्मचारियों ने लोगों को क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोकर रखने का संदेश दिया।