जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा ने सोमवार को धर्मशाला में आक्रोश रैली निकालकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महिला सम्मान का मुद्दा उठाया और मामले में कांग्रेस से जवाब मांगा। प्रदर्शन में विधायक सुधीर शर्मा, विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक सरवीण चौधरी और पूर्व विधायक अरुण मेहरा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने जेएनयू परिसर में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को निंदनीय बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को गंभीरता दिखानी चाहिए और ऐसे मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने इस प्रकरण पर अपना विरोध दर्ज करवाते हुए कांग्रेस से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ पुतला जलाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया। इसके बाद कार्यकर्ता दूसरा पुतला लेकर आए और उसे जलाकर विरोध जताया। इस दौरान पुतले को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान भी हुई।