पंचायतों में विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन के तहत काम शुरू करने और मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को 125 दिन का रोजगार देने की मांग को लेकर सीटू से संबंधित मनरेगा व निर्माण मजदूरों ने मंगलवार को सुजानपुर में प्रदर्शन किया। मजदूरों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के बाद बाजार में रैली निकाली और बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। मजदूरों ने पंचायतों में रोजगार उपलब्ध करवाने के साथ ठेके पर करवाए जा रहे कार्यों का विरोध किया। उन्होंने मांग की कि आवेदन करने वाले सभी जॉब कार्ड धारकों को निर्धारित रोजगार उपलब्ध करवाया जाए। बीडीओ ने मजदूरों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए लिखित निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि आवेदन करने वाले लोगों को काम मिल सके। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, जिला सचिव जोगिंदर कुमार, जिला अध्यक्ष संतोष कुमार और प्रताप राणा ने आरोप लगाया कि मजदूरों को रोजगार उपलब्ध करवाने के बजाय मशीनों और ठेकेदारों से काम करवाया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की प्रस्तावित चार श्रम संहिताओं को मजदूर विरोधी बताते हुए इनके खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि श्रम संहिताओं के विरोध में एक और दो दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महापड़ाव में सुजानपुर ब्लॉक से 50 मजदूर भाग लेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर मौजूद रहे।