एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज की स्थापना के लिए सात करोड़ रुपये की राशि और 16 नए पद मंजूर किए गए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने इसे जिले के युवाओं और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। उन्होंने परिधि गृह हमीरपुर शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कहा कि राष्ट्रीय संबद्ध और स्वास्थ्य देखरेख वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 लागू होने के बाद उत्तर भारत में यह पहला पूर्णतः स्वतंत्र एलाइड एंड हेल्थकेयर कॉलेज होगा। डॉ. वर्मा ने बताया कि कॉलेज में शुरुआती तौर पर चार स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें बैचलर ऑफ रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी और बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी की 60-60 सीटें होंगी। बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी में 30 सीटें रखी गई हैं। इस तरह हर साल 210 विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा। अगले वर्ष तीन से चार अन्य रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावना भी है। भाजपा नेताओं के मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के निर्माण को एनडीए सरकार का देन बताने के बयान पर डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कई बार इसके दस्तावेज पेश कर चुके हैं कि किसने इसको स्वीकृत किया था। उन्होंने व्यंग कसते हुए कहा कि अगर कोई यह कहे कि एम्स बिलासपुर उनके द्वारा लाया गया है तो क्या उसका श्रेय उनको मिलने लगेगा।