सदर थाना क्षेत्र के तहत पक्का भरो के नजदीक शनिवार देर रात कार और बाहरी राज्य की बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार में सवार कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। राहत की बात रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार कार कांगड़ा से हमीरपुर की ओर आ रही थी, जबकि बाहरी राज्य की बस अंब के रास्ते पंजाब जा रही थी। पक्का भरो के पास एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में करीब छह लोग सवार थे, जिनमें से दो को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार को धक्का लगाकर सड़क किनारे करवाया, ताकि यातायात बाधित न हो। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी।