प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना के काफी उत्साहजनक परिणाम सामने आने लगे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्राकृतिक खेती से तैयार होने वाली गेहूं, मक्की, हल्दी और जौ के लिए अलग से उच्च मूल्य घोषित किए हैं। प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत जिला हमीरपुर में मंगलवार को मक्की की खरीद आरंभ कर दी गई। आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने बताया कि पहले दिन मंगलवार को नादौन में नादौन ब्लॉक और सुजानपुर ब्लॉक के कुल 115 किसानों से 108.20 क्विंटल मक्की खरीदी गई। राकेश धीमान ने बताया कि प्राकृतिक खेती से पैदा की गई मक्की के इतने अच्छे दाम मिलने से किसानों की आय में दोगुणा से भी अधिक बढ़ोतरी होगी।