ग्राम पंचायत कोट लांगसा में पंचायत प्रधान डॉ. संगीता शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इनमें नशे और धूम्रपान के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी शामिल रहा। ग्राम सभा में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत पहले से अधिसूचित पात्र परिवारों की सूचियों की समीक्षा और उनमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत जारी परिवारों की सूचियों को सार्वजनिक रूप से जांचा जा सकता है। पात्रता मानदंडों के अनुसार सूची पर आपत्तियां दर्ज करवाने और उनके सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। बैठक में बताया गया कि पंचायत क्षेत्र के लोग 20 नवंबर तक पात्र परिवारों की सूचियों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद फील्ड स्तर पर सत्यापन किया जाएगा और 30 नवंबर तक सूचियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी करने पर चर्चा हुई।