हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों ने दिवाली से पहले महंगाई भत्ते (डीए) के बकाया एरियर और अन्य लंबित देनदारियों का भुगतान करने की मांग उठाई है। इस संबंध में पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक बस अड्डा परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष कृष्ण लाल सोनी ने की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया। हालांकि, उन्होंने मांग की कि इस डीए का एरियर भी दिवाली से पहले पेंशनरों को जारी किया जाए, ताकि त्योहार के अवसर पर उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। संगठन के पदाधिकारियों सुशील कुमार, वंशी लाल और कृष्ण लाल ने कहा कि अन्य कर्मचारियों और पेंशनरों को जो पांच प्रतिशत डीए दिया जा चुका है, उसका लाभ पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों को भी दिवाली से पहले दिया जाना चाहिए। बैठक में पेंशनरों ने निगम से जुड़ी अन्य लंबित देनदारियों का भी जल्द भुगतान करने की मांग की। पदाधिकारियों का कहना था कि पेंशनरों को उनके बकाया भुगतान के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान किया जाए।