हमीरपुर जिला स्तरीय अंडर-17 छात्र माइनर खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटाहणी में शुरू हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। स्कूल के प्रधानाचार्य नीश तोमर ने प्रतियोगिता का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वॉलीबाॅल, बैडमिंटन और कबड्डी की स्पर्धाएं करवाई जा रही हैं। इसमें छह शिक्षा खंडों से 432 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा, उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, सेवानिवृत्त उपनिदेशक रेणु कौशल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मुश्ताक मोहम्मद सहित अन्य मौजूद रहे।