राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहणी में गुरुवार को अंडर-14 छात्र जिला स्तरीय मेजर व माइनर खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों को खेल की भावना से खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और अधिक से अधिक समय खेलों में बिताने की प्रेरणा दी। प्रारंभिक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा तीन दिवसीय प्रतियोगिता में छह शिक्षा खंडों से 435 खिलाड़ी बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबाॅल, खो-खो, बास्केटबाॅल, बाक्सिंग, कुश्ती में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबाॅल का पहला मुकाबला टौणी देवी व हमीरपुर ब्लॉक के बीच हुआ, जिसमें टौणी देवी विजेता रहा। दूसरे मुकाबले में बिझड़ी ने भोरंज को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। बास्केटबाॅल के पहले मुकाबले में न्यू ईरा परोल ने लुद्दर महादेव, टौणी देवी ने अमरोह को हराया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भोरंज ने बिझड़ी, टौणी देवी ने हमीरपुर और बिझड़ी ने नादौन को हराकर जीत हासिल की।