कोतवाली बाजार स्थित फव्वारा चौक पर सड़क की बदहाल स्थिति और टूटी पेयजल पाइपलाइन ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुख्य बाजार के इस व्यस्त हिस्से में पिछले करीब दो महीनों से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। समय बीतने के साथ ये गड्ढे और चौड़े तथा खतरनाक होते जा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि समस्या को लेकर संबंधित विभागों को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क की मरम्मत न होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की समस्या के साथ ही जल शक्ति विभाग की पेयजल पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त है। सड़क किनारे फटी मुख्य पाइपलाइन से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पाइपलाइन से निकलने वाला पानी आसपास जमा होने के बाद दुकानों के अंदर तक पहुंच रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कोतवाली बाजार में दिनभर बड़ी संख्या में वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक गड्ढों के कारण कुछ दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से रोष स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवाया गया, लेकिन न तो टूटी पाइपलाइन की मरम्मत की गई और न ही सड़क के गड्ढों को भरा गया। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में इस तरह की स्थिति लंबे समय तक बनी रहना चिंता का विषय है। लगातार पानी रिसने से सड़क को और नुकसान पहुंचने की आशंका है, वहीं गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से पेयजल पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत और सड़क के गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरन विभागों के खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी।