विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार को मिनी स्विट्जरलैंड का आधिकारिक दर्जा मिलने के 34 वर्ष पूरे होने पर खज्जियार दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। वर्ष 1992 में सात जुलाई को मिले इस गौरवशाली दर्जे की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पर्यटन से जुड़े हितधारकों और स्थानीय लोगों ने स्वच्छ, हरित एवं सतत खज्जियार के निर्माण का संकल्प लिया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नॉट ऑन मैप, मिस्टिक विलेज खज्जियार, खज्जीनाग सेवा समिति, खज्जीनाग मंदिर समिति, होटल एसोसिएशन, टैक्सी एसोसिएशन, पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन और ''चलो चंबा'' अभियान के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नॉट ऑन मैप के सह संस्थापक मनुज शर्मा ने खज्जियार को अधिक पर्यटक-अनुकूल बनाने, सामुदायिक एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की। इसके लिए एक संयुक्त समिति गठित करने पर भी सहमति बनी। कार्यक्रम के दौरान व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने प्राकृतिक धरोहर और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लिया।