फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: प्रशासन को बताने के बाद भी नहीं हुई सड़क की मरम्मत, ग्रामीणों ने खुद संभाला शहीद शंकर मार्ग का जिम्मा

सड़क की खराब हालत से लंबे समय से परेशान ग्रामीणों ने अब प्रशासन का इंतजार छोड़कर खुद ही रास्ता सुधारने का फैसला लिया है। ग्राम पंचायत समोह में शहीद शंकर मार्ग की लंबे समय से खराब स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से सड़क की मरम्मत का काम शुरू करवाया है। सैकड़ों परिवारों की आवाजाही वाले इस मार्ग की हालत बरसात के दौरान और ज्यादा खराब हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर अपने स्तर पर सड़क को ठीक करवाने का निर्णय लिया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क की मरम्मत के लिए हर परिवार से पांच हजार रुपये की राशि एकत्रित की गई है। इसी आपसी सहयोग से अब सड़क सुधारने का काम शुरू किया गया है। स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि शहीद शंकर सिंह की स्मृति में बनाया गया यह मार्ग उनके घर तक जाता है। लंबे समय से सड़क खराब होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी उठाया था। ग्रामीण जगन्नाथ के अनुसार करीब आठ-दस वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत करवाई गई थी। इसके बाद सड़क की स्थिति धीरे-धीरे खराब होती चली गई। ग्रामीणों ने पिछले वर्ष भी उपमंडलीय अधिकारी झंडूता और उपायुक्त बिलासपुर को पत्र के माध्यम से सड़क की समस्या से अवगत करवाया था। हालांकि मरम्मत में समय लगने के कारण ग्रामीणों ने इंतजार करने के बजाय आपसी सहयोग से काम शुरू करवाने का निर्णय लिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने का असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा था। खासकर बच्चों को स्कूल भेजने और वापस लाने में परेशानी होती थी। बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती थी। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके सामूहिक प्रयास से शहीद शंकर मार्ग की हालत सुधरेगी और सैकड़ों परिवारों को आने-जाने में राहत मिलेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें