सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दो नाबालिग लड़कियों की दुखद घटना के बाद तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सोमवार को घुमारवीं अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मंत्री ने बच्चों की मानसिक स्थिति और उनकी भावनाओं को समझने की जरूरत पर विशेष जोर दिया। मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बच्चों के मन में क्या चल रहा है, वे किन परेशानियों से गुजर रहे हैं और किन भावनात्मक परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, इसे समझना बेहद जरूरी है। कई बार बच्चे अपनी समस्याएं खुलकर अभिभावकों या शिक्षकों के सामने नहीं रख पाते। ऐसे में परिवार और स्कूल की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। मंत्री ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों के साथ नियमित रूप से बातचीत करें और उनके साथ मित्रवत व्यवहार रखें। अभिभावक केवल बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर ही ध्यान न दें, बल्कि उनकी भावनाओं, चिंताओं और परेशानियों को भी समझने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी डर या झिझक के अपनी बात परिवार के साथ साझा कर सकें। समय रहते उनकी समस्याओं को समझना और उचित मार्गदर्शन देना जरूरी है। मंत्री ने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक असामान्य बदलाव दिखाई देता है तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी परेशानी समझने का प्रयास किया जाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जानी चाहिए, ताकि बच्चों को समय पर भावनात्मक सहयोग और सही मार्गदर्शन मिल सके। राजेश धर्माणी ने कहा कि बच्चों की छोटी-बड़ी परेशानियों को गंभीरता से लेना जरूरी है। परिवार और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद तथा बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार से उन्हें अपनी समस्याएं साझा करने का भरोसा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अकेला महसूस नहीं होने देना चाहिए और उनकी भावनाओं को समझते हुए उन्हें उचित सहयोग देना चाहिए। समय रहते परेशानी की पहचान कर सही मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना बेहद महत्वपूर्ण है।