राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऋषिकेश में शनिवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष अछरी देवी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवियों को समाज सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार और अमिता ने सात दिवसीय शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान विभिन्न रचनात्मक, सामाजिक एवं जन जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, प्रभात फेरी, ड्रिल, पौधरोपण, सामाजिक सेवा और समाज में फैली कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता रैलियां प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा गोद लिए गए गांव डमली में भी विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। शिविर के दौरान बौद्धिक सत्रों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवियों को सामाजिक दायित्वों और राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी। मुख्य अतिथि ने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे शिविरों से विद्यार्थियों को समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलता है।