फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर के रघुनाथपुरा स्कूल में लगी 'पुलिस की पाठशाला', विद्यार्थियों को दिया नशे से दूर रहने का मंत्र

स्कूल की पढ़ाई के बीच अगर पुलिस अधिकारी की कक्षा लगे और उसमें किताबों से आगे बढ़कर जिंदगी के जरूरी सबक मिलें, तो बात कुछ अलग ही होती है। बिलासपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रघुनाथपुरा में आयोजित पुलिस की पाठशाला में विद्यार्थियों को ऐसा ही संदेश मिला। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी सदर राजेश पराशर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राजेश पराशर ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकता है। इसलिए विद्यार्थियों को नशे से दूरी बनाकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में अपना समय लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। अच्छे समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में युवाओं को अपने भविष्य के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सिविक सेंस के बारे में भी जागरूक किया गया। राजेश पराशर ने बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने, स्वच्छता बनाए रखने और दूसरे लोगों के अधिकारों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने की शुरुआत छोटी-छोटी आदतों से होती है। सार्वजनिक जगहों को साफ रखना, नियमों का पालन करना और दूसरों के प्रति सम्मान का व्यवहार करना इसी जिम्मेदारी का हिस्सा है। पुलिस की पाठशाला में यातायात नियमों पर भी खास जोर दिया गया। राजेश पराशर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर नियमों का पालन करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सफर करते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को खुद भी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रघुनाथपुरा के प्रधानाचार्य सुखदेव जमवाल ने थाना प्रभारी राजेश पराशर को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अध्यापक सुभाष और आरक्षी सुरेश कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस की पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को मिले संदेश में नशे से दूरी, सड़क सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों को एक साथ जोड़कर समझाया गया ताकि स्कूल की कक्षा से निकलने वाली सीख सीधे विद्यार्थियों की रोजमर्रा की जिंदगी में भी दिखाई दे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें