शिव मंदिर विकास एवं खेल समिति लग दयो (कलोल) के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय आट्या-पाट्या प्रतियोगिता संपन्न हो गई। यह प्रतियोगिता आट्या-पाट्या एसोसिएशन बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से करीब 350 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में ओंकार सिंह कुटलैहड़िया और संसार चंद कुटलैहड़िया (मंजूषा सहायता केंद्र परिवार) ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान मुख्यातिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय आत्या-पाट्या प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष वर्ग में बिलासपुर विजेता और मंडी उपविजेता रहा। सीनियर महिला वर्ग में भी बिलासपुर ने पहला और मंडी ने दूसरा स्थान हासिल किया। जूनियर बालक वर्ग में कांगड़ा विजेता और मंडी उपविजेता रहा। जूनियर बालिका वर्ग में बिलासपुर ने पहला और मंडी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बालक और बालिका दोनों वर्गों में मंडी विजेता और कांगड़ा उपविजेता रहा। आट्या-पाट्या एसोसिएशन बिलासपुर के महासचिव वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथियों, राज्य अध्यक्ष, राज्य महासचिव अनिल सांखला, जिला महासचिव, रेफरी, कोच जिला अध्यक्ष विद्या सागर और प्रदेशभर से पहुंचे करीब 350 खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की। दो दिवसीय प्रतियोगिता ने पारंपरिक खेलों के प्रति युवाओं के उत्साह और खेल भावना को प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिली।