आयुष विभाग बिलासपुर की ओर से 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कंदरौर में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में 183 रोगियों का निरीक्षण एवं उपचार किया गया। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों की खून की जांच करने के साथ पंचकर्म की विभिन्न प्रक्रियाओं के माध्यम से भी उपचार किया गया। मरीजों को निशुल्क औषधियां वितरित की गईं। शिविर में ग्राम पंचायत कंदरौर के प्रधान सुरेंद्र पाल और ग्राम पंचायत बेनला ब्राह्मणा के प्रधान राकेश ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे चिकित्सालय की ओर से अतिथियों को औषधीय पौधे देकर सम्मानित किया गया। शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुखविंद्र कौर के नेतृत्व और दिशा-निर्देशों में किया गया। शिविर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन कुमारी, पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका एहितान, कायचिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. गुरमेल सिंह, चिकित्सालय प्रभारी डॉ. विकास कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य सपना कुमारी, बीडीसी सदस्य नरेश ठाकुर, कंदरौर पंचायत के उप प्रधान राजकुमार, वार्ड सदस्य यशवंत सिंह और स्वामी विवेकानंद स्कूल की संचालक नीना कौशल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।