फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जगाधरी अनाज मंडी में बिजली गुल होने से मचा हड़कंप, अंधेरे में धान चोरी का आरोप

जगाधरी। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जगाधरी अनाज मंडी में बिजली आपूर्ति बाधित होने से किसानों, आढ़तियों और प्रवासी मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंडी में रात करीब 10 बजे से बिजली गुल होने के कारण अंधेरा छा गया। इससे मंडी में रह रहे प्रवासी मजदूरों को रहने, खाना बनाने और शौचालय का इस्तेमाल करने तक में दिक्कतें आईं। वहीं, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ महिलाओं द्वारा धान चोरी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। मंडी में बिजली नहीं होने से धान की खरीद और उससे जुड़े कार्य भी प्रभावित हुए। मशीनें नहीं चलने के कारण कई मजदूर कामकाज नहीं कर सके और बिजली आने का इंतजार करते रहे। जिन आढ़तियों और अन्य लोगों के पास जनरेटर की व्यवस्था थी, उन्होंने जनरेटर चलाकर अपना काम किया, जबकि अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात में चोरी और वारदात का बना रहा अंदेशा जगाधरी अनाज मंडी के प्रधान मुनीश खामबोज ने बताया कि रात के समय से बिजली गुल होने के कारण मंडी में अव्यवस्था की स्थिति बन गई। अंधेरा होने से धान चोरी होने और किसी अन्य वारदात की आशंका बनी रही। धान की सुरक्षा के लिए रात में एक कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ महिलाओं द्वारा धान चोरी किए जाने का आरोप है। प्रधान ने आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं के पास चाकू भी होते हैं। ऐसे में यदि कोई कर्मचारी या किसान उन्हें रोकने का प्रयास करता है तो वह सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता है। उन्होंने कहा कि रात के समय मंडी में पुलिसकर्मी की तैनाती नहीं होने से भी परेशानी बढ़ी। उन्होंने कहा कि मंडी में बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के साथ-साथ रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना भी जरूरी है, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रहे और मजदूरों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें