यमुनानगर। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर शहर की गौशाला में श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाया गया। सुबह से ही शहर की महिलाएं, पुरुष और अन्य श्रद्धालु गौमाता की पूजा-अर्चना करने के लिए गौशाला पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने गायों को तिलक लगाया, हरा चारा, गुड़, नमक और अन्य खाद्य सामग्री खिलाई। इसके साथ ही अपनी श्रद्धा के अनुसार गौशाला में दान भी दिया। पूरे दिन गौशाला में गोभक्तों की आवाजाही लगी रही। लोगों ने गौमाता की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गौशाला से जुड़े पदाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1907 से गौशाला में गोपाष्टमी का पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है। हर साल इस अवसर पर विशेष आयोजन किए जाते हैं। शहर की माताएं, बहनें और अन्य गोभक्त सुबह से ही गौमाता की पूजा करने पहुंचते हैं। इस दिन गौभक्तों के लिए विशेष महत्व होता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन किए गए। कार्यक्रम में शहर के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गोपाष्टमी पर गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर किया दीपदान गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार को मटका चौक स्थित गोशाला में श्रद्धालु गायों को हरा चारा, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री खिलाने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जगाधरी निवासी भावना ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से गोपाष्टमी पर गोशाला पहुंचकर गायों की सेवा करती आ रही हैं। गायों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। अपनी सामर्थ्य के अनुसार करें गौसेवा : नरेश मित्तल गोपाष्टमी के अवसर पर गौशाला पदाधिकारी नरेश मित्तल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौमाता की सेवा करनी चाहिए। गायों को किसी प्रकार का कष्ट नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी के दिन लोग अपनी श्रद्धा के अनुसार हरा चारा, गुड़, नमक और अन्य खाद्य सामग्री लेकर गौशाला पहुंचते हैं। गौमाता की सेवा के लिए जितना संभव हो सके, उतना सहयोग करना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से भी समय निकालकर गौशाला पहुंचने और गोसेवा में योगदान देने की अपील की।ं दूध देना बंद करने वाली गायों को भी सेवा की जरूरत : सारिका यमुनानगर से गौशाला पहुंची सारिका ने बताया कि वह पिछले दो-तीन वर्षों से यहां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि गाय हमारी माता है और उसकी सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। विशेष रूप से उन गायों की देखभाल करनी चाहिए जो बूढ़ी हो चुकी हैं और दूध नहीं देतीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल दूध देने वाली गायों की ही नहीं, बल्कि बेसहारा और वृद्ध गायों की भी सेवा करें। कुछ लोग गाय का दूध निकालने के बाद उसे बेकार समझकर सड़कों पर छोड़ देते हैं, जो घोर पाप है। ऐसा नहीं करना चाहिए। जब गाय बूढ़ी हो जाती है और दूध देना बंद कर देती है, तब भी उसे भोजन, देखभाल और प्यार की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी गायों को बेसहारा छोड़ने के बजाय गौशाला में पहुंचाकर उनकी सेवा करनी चाहिए। गोपाष्टमी के अवसर पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी लोगों से अपील की कि वे केवल त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि पूरे साल गौसेवा के लिए आगे आएं। गौशालाओं में जाकर गायों को चारा खिलाएं और उनके पालन-पोषण में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें।