गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ग्रुप के किसानों ने रविवार को सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरना शुरू कर दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसे किसान विरोधी करार दिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं करती, तब तक शुगर मिल को चलने नहीं दिया जाएगा। किसानों के इस ऐलान से गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही आंदोलन तेज होने के आसार हैं। भाकियू के जिला अध्यक्ष संजू को गुदियाना ने कहा कि यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल में इस वर्ष 17 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू होनी है। ऐसे में किसानों ने मिल प्रबंधन और सरकार को अपना विरोध जताने के लिए गन्ना यार्ड में धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार गन्ने के दाम में उचित बढ़ोतरी नहीं करती, तब तक मिल को नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रदेश की अन्य चीनी मिलों के बाहर भी 20 नवंबर से धरने शुरू किए जाएंगे। भाकियू के निदेशक मनदीप सिंह रोड छप्पर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और मजदूरी महंगी होने से किसानों का खर्च बढ़ गया है। इसके बावजूद सरकार गन्ने का उचित मूल्य नहीं दे रही है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर गन्ने की फसल तैयार करते हैं, लेकिन लागत के मुकाबले उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा। किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा और प्रदेश की शुगर मिलों को चलने नहीं दिया जाएगा।