केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन शुक्रवार को सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय में आयोजित जिंदल पॉलिसी कॉन्क्लेव के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कॉन्क्लेव में लॉ, पॉलिसी एंड द क्रिएटिव पॉलिसी विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भारत में पिछले वर्षों में स्टार्टअप के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हुआ है। आज देश में करीब 2.50 लाख नए स्टार्टअप शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि करीब 12 वर्ष पहले देश में स्टार्टअप की संख्या नगण्य थी, लेकिन अब युवाओं की भागीदारी से इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। डॉ. मुरुगन ने कहा कि नए स्टार्टअप शुरू करने वालों में बड़ी संख्या युवाओं की है और इनमें अधिकतर की उम्र 30 वर्ष से कम है। युवाओं की यह शक्ति देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न नीतियां बनाई गई हैं। इन नीतियों का उद्देश्य युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान और समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।