गांव दोदवा निवासी विनोद कुमार ने एक बार फिर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका चयन भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ है। यह टीम 21 से 27 सितंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली राजीव गांधी चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेगी। विनोद कुमार कई बार भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और वर्तमान में हरियाणा दिव्यांग क्रिकेट टीम के नियमित खिलाड़ी हैं। वह सहकारी चीनी मिल में कार्यरत हैं, जहां तत्कालीन एसडीएम आशीष वशिष्ठ व कमांडिंग ऑफिसर सीईओ जितेंद्र शर्मा ने उन्हें निरंतर मार्गदर्शन देकर सहयोग प्रदान किया। वहीं, हाल ही में प्रबंध निदेशक अंकिता वर्मा ने भी उनके खेल कॅरिअर को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया है। विनोद कुमार भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जसवीर दोदवा के छोटे भाई हैं। उनके भारतीय टीम में चयन की खबर से गांव दोदवा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान जसवीर दोदवा के अलावा सुरेंद्र, बलजीत, राममेहर, रामनिवास, रामकुमार, लीला, विकास दहिया भी उपस्थित रहे।