सोनीपत। डबल स्टोरी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रही मीट की दुकानों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है। निगम की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर 10 दुकानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से मीट कारोबारियों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई पर एतराज जताते हुए अधिकारियों पर जानबूझकर परेशान करने के आरोप लगाए। वहीं, निगम अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र के लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों और नियमों की अनदेखी के चलते यह कदम उठाया गया है। नगर निगम को डबल स्टोरी क्षेत्र के लोगों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि यहां संचालित मीट की दुकानों से निकलने वाले अपशिष्ट और गंदगी का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा। आरोप था कि दुकानदार इस गंदगी को सीवर लाइन में डाल रहे हैं। इससे सीवर जाम होने और आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैलने की समस्या पैदा हो रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की ओर से पहले संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के माध्यम से उन्हें नियमों का पालन करने और दुकानों से निकलने वाली गंदगी का उचित तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निगम की ओर से कार्रवाई करते हुए आयुक्त के आदेश पर 10 दुकानों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने जताया विरोध नगर निगम की टीम जब दुकानों को सील करने पहुंची तो दुकानदारों ने कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। दुकानदारों का कहना था कि अधिकारी उन्हें जानबूझकर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कार्रवाई को लेकर अपना एतराज जताया और निगम अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्वच्छता और सीवर व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों की शिकायत पर हुई कार्रवाई डबल स्टोरी क्षेत्र में मीट की दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही थीं। लोगों का आरोप था कि दुकानों से निकलने वाली गंदगी के कारण आसपास के निवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर मामला नगर निगम आयुक्त तक पहुंचा था। आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 दुकानों को सील किया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वर्ष 2016 में भी इन दुकानों को सील कर दिया था। कुछ समय पर वहां के लोगों ने सील तोड़कर दोबारा दुकानें चालू कर दी थी। - डबल स्टोरी में अवैध रूप से दुकानें चलाई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद आयुक्त के आदेश पर मीट की 10 दुकानें सील की गई। साथ ही चेतावनी दी गई थी अगर दोबारा से सील तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस कार्रवाई की जाएगी। साहब सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम