नंदू गैंगस्टर के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के बाद खांडा रोड स्थित कार्यालय पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने फायरिंग करने वाले संदिग्ध युवकों का पीछा किया। हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334बी पर पुलिस और बदमाश आमने-सामने हो गए। दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से तीन देशी पिस्तौल बरामद हुई है। वार्ड नंबर-1 खरखौदा निवासी दीपक के मोबाइल पर रात करीब सवा नौ बजे एक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को नंदू गैंगस्टर के साथ मुकदमे में शामिल बताते हुए दीपक से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। फोन करने वाले ने अगली कॉल में रुपये देने की जगह बताने की बात कही। इसके करीब आधे घंटे बाद दीपक के खांडा रोड स्थित कार्यालय में रहने वाले अजय ने उसे फोन कर कार्यालय के बाहर फायरिंग होने की जानकारी दी।