रोहतक। आर्य नगर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर बाइक व स्कूटी सवार होकर आए 10-12 युवकों ने मंगलवार शाम को सैनी रेवड़ी के संचालक महेश सैनी व मनीष सैनी को दुकान में घुसकर पीटा। इतना ही नहीं हमलावर दुकान में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। व्यापारी नेताओं ने सरेआम हुई वारदात पर रोष व्यक्त किया है। एसपी ने आर्य नगर थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। झज्जर रोड मोड़ पर दो भाईयों की दुकान है। शाम करीब साढ़े सात बजे दुकान के पास सैनी धर्मशाला के सामने गली में बाइक खड़ी करने को लेकर दुकानदार व बाइक सवार के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार दुकानदार को धमकी देकर चला गया। थोड़ी देर बाद स्कूटी व बाइक पर पांच युवक आए और महेश सैनी व मनीष सैनी पर लोहे की पाइप, वाइपर से हमला कर दिया। दुकानदार को दुकान के अंदर घुसकर युवक गली में ले गए। वहां पर जमकर थप्पड़ व मुक्के मारे। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ की। ... पीड़ित बोला, अचानक हमला बोल दिया युवकों ने मनीष ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे उनका साहिल व तरुण नाम के युवकों से बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया था। उस समय तो कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी अपने 10 से 12 अन्य साथियों को लेकर मनीष की दुकान पर आकर मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में घुसते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। ......... थाने के नजदीक हुई वारदात, सुरक्षित नहीं व्यापारी शहर में कारोबार करना सुरक्षित नहीं रह गया है। सरेआम दुकान में घुसकर दो व्यापारियों को पीटा गया जबकि आर्य नगर थाने से दुकान की दूरी मात्र 100 मीटर थी। एसपी से मांग है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। सतीश प्रजापति, व्यापारी नेता ...... आर्य नगर थाना पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। घायलों का मेडिकल करवाकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुख्ता कार्रवाई की जाएगी। गौरव राजपुरोहित, एसपी रोहतक