जिला बार चुनाव को लेकर वकीलों में उत्साह का माहौल है। सुबह 11 बजे तक 30 प्रतिशत तक वोट डाले जा चुके थे। प्रत्याशी नारेबाजी के बीच वकीलों से लाइन लगाकर वोट की अपील कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे जिला बार चुनाव को लेकर मतदान शुरू हुआ। 3245 वकील शाम पांच बजे तक ईवीएम से वोट डालकर प्रधान के छह, महिला उप प्रधान के छह, पुरुष उप प्रधान के चार, महासचिव के पांच, सह सचिव के दो व लाइब्रेरी इंचार्ज के नौ प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद करेंगे। तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। एक घंटे में परिणाम आ जाएगा। पहली बार चुनी जाएगी महिला उप प्रधान जिला बार में अब तक प्रधान, उप प्रधान, महासचिव, सह सचिव व लाइब्रेरी इंचार्ज का चुनाव होता था। सह सचिव का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। अबकी बार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए महिला उप प्रधान का नया पद बनाया गया है। इसके छह महिलाएं चुनावी मैदान में हैं। प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, भंडारे पर भी चहल-पहल बार चुनाव में पहली बार छह प्रत्याशी मैदान में हैं। पहले आमने-सामने का मुकाबला रहता था। अबकी बार दीपक हुड्डा, दीपक भारद्वाज, हरिस्वरूप हुड्डा, रजनीश हुड्डा, उमेश भारद्वाज व तेजबीर कुंडू मैदान में हैं। आखिरी समय में पूर्व प्रधान अरविंद श्योराण व दीपक कुंडू ने नाम वापस ले लिया था।