रोहतक। जिला परिषद रोहतक के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा के खिलाफ सोमवार को लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। प्रस्ताव पास करने के लिए 10 पार्षदों के मतदान की आवश्यकता थी। इसमें जिला परिषद के 10 पार्षद शामिल भी हुए और उन्होंने मतदान भी किया। लेकिन एक वोट रद्द होने की वजह से यह अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। जिला परिषद की एक महिला पार्षद को फोन पर धमकाने के चलते यह अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। पार्षदों के गुट ने एसपी से मिलकर इस मामले की शिकायत भी की थी। अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने इसकी पुष्टि की है। जिला परिषद में कुल 14 पार्षद है जिनमें से अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए इसके पक्ष में दो तिहाई यानी 10 पार्षदों के मतदान की आवश्यकता थी।