रेवाड़ी। यादव कल्याण सभा की ओर से 12वां वार्षिक उत्सव प्रतिभा प्रोत्साहन एवं सम्मान समारोह 22 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को गढ़ी बोलनी रोड स्थित श्रीकृष्ण भवन में सभा के प्रधान रामबीर यादव की अध्यक्षता में पत्रकार वार्ता हुई। इसमें समारोह की रूपरेखा और सम्मान के लिए निर्धारित श्रेणियों की जानकारी दी गई। सभा के प्रवक्ता प्रो. सतीश यादव ने बताया कि समारोह के लिए यादव समाज के प्रतिभावान लोगों से नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत 12 जनवरी 2025 से 31 अक्तूबर तक की उपलब्धियों के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेवाड़ी और हरियाणा के प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान की श्रेणियों में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं के लिए यादव गौरव सम्मान, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, हरियाणा प्रशासनिक एवं न्यायिक सेवाओं में चयनित अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा खेल, साहित्य, कला, संस्कृति, समाजसेवा, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा। सरकारी व सहायता प्राप्त कॉलेजों में प्राचार्य और असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्ति, एनडीए, सीडीएस, पैरामिलिट्री सेवाओं में चयन, राष्ट्रपति या राज्यपाल से सम्मानित तथा गैलेंटरी अवार्ड प्राप्त करने वाले भी पात्र होंगे। इसी प्रकार नेट, जेआरएफ, पीएचडी, आईआईटी, आईआईएम, मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश, विश्वविद्यालय की मेधावी सूची में स्थान और बोर्ड परीक्षाओं में निर्धारित अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। अन्य राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन 5 नवंबर तक यादव सभा कार्यालय में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक जमा कराए जा सकते हैं। आवेदन सादे कागज पर देना होगा। इसके साथ आधार कार्ड, रिहायशी प्रमाण पत्र, उपलब्धि से संबंधित प्रमाणपत्र और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य है। प्रधान रामबीर यादव ने बताया कि इस बार वार्षिक उत्सव महिलाओं को समर्पित रहेगा। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षाविद महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। डॉ. एलएस यादव और प्रो. आरएस यादव ने भी विचार रखे।