बावल। गांव खुरमपुर से 17 वर्षीय सुमित के लापता होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को बावल के सर छोटूराम चौक पर जाम लगा दिया। जाम के चलते बावल-रेवाड़ी, बावल-साबन सहित अन्य मार्गों पर यातायात बाधित हो गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, गांव खुरमपुर निवासी 17 वर्षीय सुमित 10 अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गया था। तीन दिन बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। जाम लगा रहे ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पुलिस अधीक्षक (एसपी) मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। ग्रामीणों की मांग है कि लापता नाबालिग का जल्द पता लगाया जाए और मामले में प्रभावी कार्रवाई की जाए। वहीं, थाना प्रबंधक रणवीर ने कहा कि पुलिस लगातार मामले में कार्रवाई कर रही है। पुलिस की ओर से लापता नाबालिग की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।