शहर के हुडा बाईपास स्थित फोनिक्स मॉल में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने शहरवासियों के साथ बाबा नीम करौली महाराज पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म के दौरान बाबा नीम करौली महाराज के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और प्रभु श्रीराम व हनुमान जी के प्रति उनकी आस्था का प्रभावी चित्रण देखकर विधायक समेत दर्शक भावुक नजर आए। फिल्म देखने के बाद विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि फिल्म देखते समय ऐसा महसूस हो रहा था जैसे वे किसी सत्संग में बैठे हों, न कि फिल्म देख रहे हों। उन्होंने कहा कि फिल्म में बाबा नीम करौली महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। विधायक ने कहा, “मेरी झोपड़ी के भाग जब जग जाएंगे, राम आएंगे, राम आएंगे।” उन्होंने कहा कि फिल्म के कई प्रसंग मन को छू लेने वाले रहे और दर्शकों के भीतर भक्ति की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज ने सेवा, भक्ति और मानवता का संदेश दिया। फिल्म के माध्यम से उनके जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ ने बाबा नीम करौली महाराज के वर्णन और उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व को प्रभावी ढंग से चरितार्थ करने का प्रयास किया है।